तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
झांसी। गुरसराय थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक POCSO मामले में आरोपी युवक ने थाने के अंदर गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों की नजर पड़ते ही उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर आरोपी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंगार निवासी राजेंद्र प्रसाद को एक नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस थाने लेकर आई थी। इसी दौरान उसने थाने परिसर के अंदर गमछे से फंदा लगा लिया। समय रहते पुलिसकर्मियों ने उसे देख लिया और तत्काल फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल आरोपी के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने पूरे घटनाक्रम की जांच एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार को सौंपी है। जांच के आधार पर यह तय किया जाएगा कि घटना के लिए कौन जिम्मेदार है और कहीं पुलिसकर्मियों की लापरवाही तो नहीं रही। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल घायल आरोपी का झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





