तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / इस्तिकार खान
आगरा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, आगरा की ओर से एस.एन. मेडिकल कॉलेज में “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री पशुपालन एवं मत्स्य पालन प्रो. एस.पी. सिंह बघेल रहे। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने, नियमित फिटनेस अपनाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। खेलों के माध्यम से स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए खेलों को व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।उन्होंने कहा कि खेलों से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। खेल के मैदान में मेहनत और लगन से किया गया प्रदर्शन केवल खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं रहता, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थान, शहर और देश का नाम भी रोशन करता है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप किसी न किसी खेल को अपनाने, नियमित अभ्यास करने और खेलों के माध्यम से भारत का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, आगरा डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण का सशक्त जरिया हैं। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल, योग, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।कार्यक्रम में शूटिंग स्पोर्ट्स पर्सन डॉ. हिमालय ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने शूटिंग में सफलता के लिए एकाग्रता, अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और धैर्य को महत्वपूर्ण बताया और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के स्टाफ सहित नीतू चौहान, गीतू सिंह, डॉ. टी.पी. सिंह, अंबर गुप्ता, लोकेन्द्र, विनीत, अजय आदि मौजूद रहे। शांति मांगलिक और सरस्वती बालिका विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। इसके अलावा खेल प्रतिभाओं साहिल कुमार, तनिष्क, धनंजय, सीमा, चेष्टा और संस्कृति सहित अन्य खिलाड़ियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत, आगरा के स्वयंसेवकों अंकित, अर्शिया, दीक्षा, कुर्बान, अक्षय, कुलदीप, रवि, नितेश, अर्जुन, नवीन और आशा रानी शर्मा ने विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।





