2027 विधानसभा चुनाव पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान

POLITICS उत्तर प्रदेश लखनऊ समाजवादी पार्टी

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — फरहान खान 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि “देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव” होगा। सोमवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को “लूट का केंद्र” बना दिया है और पूरी व्यवस्था भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उनके मुताबिक, “भाजपा ने भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पूरब से पश्चिम तक हर विभाग में कमीशनखोरी हावी है और विकास के नाम पर बजट का पैसा नेताओं की जेबों में जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 का लक्ष्य 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीत हासिल करना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा और पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी चुनाव में “भ्रष्ट तरीकों” का इस्तेमाल कर लोकतंत्र की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती है। साथ ही, समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेंडा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के फैसलों से प्रदेश का विकास रुका है और आम जनता महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व घबराहट और हताशा में है, इसी वजह से वह विपक्ष पर झूठे आरोप लगा रहा है। उन्होंने दावा किया कि “जनता अब भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है” और आगामी चुनाव में नफरत की राजनीति को खत्म करने के लिए तैयार है। उन्होंने अंत में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को मजबूती से रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *