तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ फैजान उद्दीन
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाल किला मैदान, रामलीला में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान कांग्रेसजनों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। देशभक्ति के नारों के बीच कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामचंद्र ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के तीनों रंगों में देश की विविधता और एकता का संदेश समाहित है। उन्होंने कहा कि देश के वीर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत को आजादी दिलाई। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष ने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया। हमें समय-समय पर देश के वीर शहीदों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद फव्वारा स्थित अशोक और महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थल पर भी ध्वजारोहण किया गया और तिरंगे को सलामी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम टंडन ने की। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने और समाज में विभाजन पैदा करने वाली ताकतों के मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। सभी देशवासी एकजुट होकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस पार्षद पति नवीन चंद शर्मा ने किया। इस अवसर पर नंदलाल भारती, लक्ष्मी नारायण शर्मा, पूर्व पार्षद अहमद हसन, अश्विनी जैन, सैयद फैसल अली, बशीर उल हक, रॉक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





