नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश सामाजिक स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर

आगरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा नगर विकास विभाग के तत्वावधान में ‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। तहसील फतेहाबाद के गांधी चौक, बस स्टैंड, थाना डौकी सहित विभिन्न स्थानों पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपनी रोचक एवं प्रभावी प्रस्तुतियों के जरिए नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विगत 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने लोगों को बताया कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग किया जाना चाहिए। गीले और सूखे कचरे को अलग रखने से कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। कलाकारों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि लोग अपने घर, गली और मोहल्ले को साफ रखने में सहयोग करें तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं कार्यक्रम में विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि “आइए, स्वच्छता को आदत बनाकर स्वच्छ और सुंदर आगरा के निर्माण में सहभागी बनें।” नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जनभागीदारी की ताकत समझाते हुए स्वच्छ आगरा के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *