तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / देवेंद्र राजपूत
आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र के कप्तानपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बरामदे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान बरामदे में मौजूद कई लोग मलबे की चपेट में आ गए।

छत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। बताया जा रहा है कि हादसे में कुल 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। वहीं अन्य 10 घायलों का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर चल रहा है।

हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में हड़कंप मच गया बताया जा रहा है कि घर में पहले से गमी का माहौल था, इसी दौरान बरामदे की छत गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में घायल लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। गंभीर घायलों को आगरा रेफर किए जाने के बाद उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।





