तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत सेवा संकल्प अभियान में लगातार विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगरा के रतनपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर “आंगन मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों के साथ समय बिताकर सेवा एवं सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सांसद नवीन जैन ने कुपोषण से प्रभावित बच्चों सहित छोटे बच्चों को पुष्टाहार खिलाया और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उनकी माताओं से भी बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली। सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा पखवाड़ा समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर सेवा करने और जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण उपलब्ध कराने का स्थान नहीं हैं, बल्कि यहीं से बच्चों के स्वस्थ जीवन, शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार होती है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। नवीन जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, संवेदना और सहभागिता की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और माताओं के बीच विश्वास का भाव ही किसी भी सेवा कार्य की वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा कि आज के स्वस्थ और संस्कारवान बच्चे ही देश के मजबूत भविष्य का आधार बनेंगे। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ बचपन और बेहतर पोषण में समाज की सक्रिय भागीदारी आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम के दौरान सांसद नवीन जैन ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा माताओं से भी चर्चा की। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा महानगर मंत्री नेहा गुप्ता, डीपीओ मनोज कुमार मौर्य, सीडीपीओ यश मेहता, क्षेत्रीय पार्षद धर्मवीर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





