तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। राजस्थान के दौसा जनपद से ताजमहल देखने आए पर्यटक के लिए ताज सुरक्षा पुलिस मददगार साबित हुई। पर्यटक की पत्नी वॉशरूम में हैंडबैग और करीब 20 हजार रुपये कीमत का रियलमी मोबाइल फोन भूल गई थीं। साथ ही बैग में 3,620 रुपये नकद भी थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महज 30 मिनट के अंदर मोबाइल और नकदी बरामद कर सुरक्षित पर्यटक को वापस लौटा दी। जानकारी के अनुसार राजस्थान के दौसा निवासी राजेश कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। दोपहर करीब एक बजे नीम तिराहा बैरियर के पास उनकी पत्नी सुनीता शर्मा वॉशरूम गईं। वहां उन्होंने अपना हैंडबैग और मोबाइल फोन रख दिया और भूलवश परिवार के साथ आगे निकल गईं। परिवार जब पुरानी मंडी चौराहे पर पहुंचा तो उन्हें मोबाइल और पर्स छूटने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल थाना ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के निर्देशन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट के जरिए सूचना प्रसारित कराई। पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए करीब 30 मिनट में नीम तिराहा बैरियर के पास वॉशरूम से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और 3,620 रुपये की नकदी बरामद कर ली। पुलिस ने पर्यटक को उनका पूरा सामान सुरक्षित वापस कर दिया। सामान वापस मिलने पर पर्यटक राजेश कुमार शर्मा और उनके परिवार ने आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।बकार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र, महिला मुख्य आरक्षी शालिनी शर्मा और आरक्षी शुभम अहलावत शामिल रहे।





