तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजा सूर्यवंशी
आगरा। अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में आगरा के तीन युवा कराटे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश और शहर का नाम रोशन किया है। भूटान की राजधानी थिंपू में 10 और 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित थिंपू ओपन एशियन कराटे चैंपियनशिप में सम्राट अशोक अकेडमी निःशुल्क आगरा के खिलाड़ी हर्ष कल्याण, महक और संध्या गुनकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से आगरा में खुशी और गर्व का माहौल है। चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हर्ष कल्याण ने अंडर-19, 60 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, संध्या गुनकर ने अंडर-17, 50 किलोग्राम भार वर्ग में जापान की खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड मेडल हासिल किया। महक ने अंडर-14, 45 किलोग्राम भार वर्ग में भूटान की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जापान, नेपाल, भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, चीन सहित एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ऐसे कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बीच आगरा के तीनों खिलाड़ियों का स्वर्ण पदक जीतना उनकी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमाण है।
निःशुल्क प्रशिक्षण से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची प्रतिभा
तीनों खिलाड़ियों की सफलता की खास बात यह है कि वे आगरा के सम्राट अशोक हेल्पिंग फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर में निःशुल्क कराटे का प्रशिक्षण लेते हैं। यह प्रशिक्षण केंद्र पिछले चार वर्षों से ‘पे बैक टू सोसाइटी’ की भावना के तहत गरीब और जरूरतमंद खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।केंद्र का संचालन सीनियर कोच और आर्मी ट्रेनर मास्टर जितेन्द्र कल्याण के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के दम पर सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
15 अक्टूबर को भारत लौटेंगे खिलाड़ी, होगा भव्य स्वागत
सम्राट अशोक अकेडमी निःशुल्क आगरा के अध्यक्ष, सीनियर कोच एवं आर्मी ट्रेनर मास्टर जितेन्द्र कल्याण ने बताया कि हर्ष कल्याण, महक और संध्या गुनकर 15 अक्टूबर को भूटान से भारत लौटेंगे। तीनों खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि से अकादमी के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों में खासा उत्साह है। खिलाड़ियों की वापसी पर उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान उनकी उपलब्धि का उत्सव मनाते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस सफलता पर सम्राट अशोक अकेडमी निःशुल्क के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी मुकेश कल्याण, संरक्षक अचल सिंह चंद्रवाकर, अध्यक्ष एवं सीनियर कोच मास्टर जितेन्द्र कल्याण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर लोकेश कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र कल्याण, महासचिव मनीष विजल, ऑफिशियल राजकुमार, रामकिशोर गौतम, निशांत कुमार, स्केटिंग कोच विवेक कल्याण सहित सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों ने खुशी जाहिर की। आगरा के इन तीनों युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि न केवल शहर के खेल जगत के लिए गौरव की बात है, बल्कि उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। हर्ष, महक और संध्या की इस स्वर्णिम सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत और सही प्रशिक्षण के दम पर आगरा की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने का दम रखती हैं।





