तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / इस्तिकार खान
आगरा। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सहित यातायात निरीक्षकों के साथ गोष्ठी कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात संचालन को प्रभावी बनाना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना तथा आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों, तिराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

गोष्ठी के दौरान निर्देश दिए गए कि सभी ग्रिड प्रभारियों द्वारा अपने-अपने चौराहों एवं तिराहों पर तैनात पुलिस बल से नियमित रूप से ब्रिफिंग कराई जाए तथा चौराहों के 50 मीटर के दायरे में अनावश्यक रूप से वाहनों को खड़ा न होने दिया जाए। इससे यातायात का प्रवाह बाधित होने से रोका जा सकेगा।

यातायात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक प्रयोग नहीं करने और पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ यातायात संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही चौराहों एवं प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए धारा 152 बीएनएसएस के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिकारियों ने सभी टीआई और टीएसआई को ड्यूटी के दौरान बॉडी वार्न कैमरों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इससे यातायात पुलिस की कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान होने वाली गतिविधियों की निगरानी भी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।

आगामी पर्यटक सीजन को देखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आगरा आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराया जा सके। सभी यातायात निरीक्षकों को अपने-अपने ग्रिड में तैनात यातायात पुलिस बल की नियमित ब्रिफिंग कर यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में श्रावण मास के दौरान नगर परिक्रमा एवं कांवड़ियों के जलाभिषेक के अवसर पर प्रभावी डायवर्जन व्यवस्था लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संबंधित यातायात निरीक्षकों को अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा की ओर से प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया।

अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था में अनुशासन, सुगमता और जनसहयोग को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी प्रवर्तन एवं जनजागरूकता के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जाए।





