आगरा के युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच पर विचार रखने का मौका

City/ STATE'S अभियान आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास 

आगरा। विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आगरा में “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज प्रतियोगिता” को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रतियोगिता से जोड़ा जाए। प्रतियोगिता का पहला चरण MY Bharat Portal के माध्यम से ऑनलाइन “विकसित भारत क्विज” के रूप में आयोजित किया जाएगा। क्विज में चयनित प्रतिभागियों को आगे के चरणों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समन्वयक, खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों सहित सभी राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता चरणबद्ध तरीके से आयोजित होगी। पहले चरण में ऑनलाइन क्विज के बाद “विकसित भारत निबंध चुनौती” आयोजित की जाएगी। इसके बाद जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के बीच जिला चैम्पियनशिप और PPT राउंड होगा। प्रत्येक जनपद से शीर्ष दो प्रस्तोता राज्य स्तरीय चरण के लिए चयनित किए जाएंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय चरण में पहुंचने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में डोमेन विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने और संवाद करने का अवसर भी मिल सकता है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों से अभियान को प्रभावी बनाने तथा युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनपद के पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपील की कि वे MY Bharat Portal के माध्यम से “विकसित भारत क्विज” में प्रतिभाग करें और अपने ज्ञान, प्रतिभा एवं विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *