तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए 45 दिवसीय निशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. पाण्डेय भी मौजूद रहे।

पशुपालन विभाग के अनुसार अभियान के तहत 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक जिलेभर में 49 टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का निशुल्क टीकाकरण करेंगी। जनपद के लिए 6,22,150 डोज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से बड़ी संख्या में पशुओं को एफएमडी रोग से सुरक्षित किया जाएगा। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए उन्हें नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 4 माह से कम आयु के पशुओं तथा 6 माह से अधिक अवधि के गर्भित पशुओं का टीकाकरण नहीं किया जाएगा। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

अभियान के शुभारंभ के दौरान उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार, डॉ. जयन्त यादव, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय यादव, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. संजय तोमर, डॉ. ओम बाबू बाथम, डॉ. विकास सचान और डॉ. सुदीप कुमार सहित पशुपालन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह अभियान पशुधन को खुरपका-मुँहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने और पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





