तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर
आगरा। आगरा मे दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम कई दिनों से लापता थी, लेकिन जब उसका शव किरायेदार के कमरे से आटे के ड्रम में मिला तो हर कोई सन्न रह गया।

बताया जा रहा है कि बच्ची की गला काटकर हत्या की गई। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान भी पाए गए हैं, जिससे साफ है कि वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आगे की जांच के लिए स्लाइड सुरक्षित रखी गई है।
इस जघन्य वारदात का मुख्य आरोपी सुनील, जो पेशे से जूता कारीगर बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने अपने कमरे की सफाई कर सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने बिस्तर और कपड़े तक धो डाले ताकि किसी को शक न हो सके।
और भी चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी बच्ची के परिजनों के साथ उसे ढूंढने का नाटक करता रहा। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही बच्ची के पिता और आरोपी के बीच किराए को लेकर विवाद हुआ था, जिससे मामले में रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है चाहे वह व्यक्तिगत विवाद हो या फिर कोई अन्य वजह। शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने फतेहाबाद मार्ग पर जाम भी लगाया।
तड़के सुबह यमुना किनारे मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस आयुक्त ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





