तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचे पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर ताज सुरक्षा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने राजस्थान, सांगली महाराष्ट्र और पंजाब सहित विभिन्न स्थानों से आए छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।

पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में अस्थाई थाना ताज सुरक्षा की त्वरित प्रतिक्रिया दल ने छात्राओं और महिलाओं का स्वागत कर उन्हें सुरक्षित एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराया। इस दौरान ‘मिशन शक्ति फेस-5’ के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं और महिलाओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने समझाया कि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को डराकर या झांसा देकर उनके बैंक खातों और निजी जानकारी तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। महिलाओं और छात्राओं से किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से पहले पूरी तरह सावधान रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की गई। ताज सुरक्षा पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी—
– 1090 — वीमेन पावर हेल्पलाइन
– 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
– 112 — पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन
– 108 — एंबुलेंस हेल्पलाइन
– 102 — गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा
– 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
– 1930 — साइबर क्राइम हेल्पलाइन

पुलिस टीम ने महिला हेल्पडेस्क, महिला बीट पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला साइबर सेल समेत महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान जैसी योजनाओं की जानकारी भी छात्राओं एवं महिलाओं को दी गई। पुलिस टीम ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों तथा उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाया जा सकता है। ताजमहल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए आगरा पुलिस पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रही है।कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी सुलेखा मौजूद रहे।





