तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। आगरा मंडल में रेलवे की ओर से चलाए गए सघन टिकट जांच अभियानों का बड़ा असर देखने को मिला है। जुलाई 2026 में मंडल के विभिन्न रेलखंडों और प्रमुख स्टेशनों पर चलाए गए विशेष जांच अभियानों के दौरान 27,188 यात्रियों से कुल 2 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। पिछले वर्ष जुलाई में हुई 2.17 करोड़ रुपये की आय की तुलना में इस बार रेल राजस्व में 19.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग श्री संजय गौतम ने प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षकों और टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ विभिन्न रेलखंडों एवं प्रमुख स्टेशनों पर सघन जांच की जुलाई माह में चलाए गए विभिन्न अभियानों के तहत 13,955 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा गया। इन यात्रियों से करीब 1.52 करोड़ रुपये का रेल राजस्व वसूला गया।

वहीं अनियमित टिकट अथवा अनियमित यात्रा के मामलों में 13,222 यात्रियों पर कार्रवाई की गई, जिनसे करीब 1.06 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 11 मामले सामने आए, जिनसे 4,885 रुपये रेल राजस्व के रूप में प्राप्त हुए। इस तरह जुलाई में कुल 27,188 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 2.58 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया। आगरा मंडल द्वारा टिकट जांच को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के अभियान चलाए गए। इनमें रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक और मजिस्ट्रेट चेक सहित अन्य विशेष जांच अभियान शामिल रहे। इन अभियानों के दौरान ट्रेनों के साथ-साथ प्रमुख स्टेशनों और रेल परिसरों में भी टिकटों की जांच की गई। रेलवे का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना और यात्रियों को नियमानुसार यात्रा करने के लिए प्रेरित करना रहा। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि आगरा मंडल में इस तरह के टिकट जांच अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे। इसका उद्देश्य अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर रोक लगाने के साथ-साथ रेल राजस्व में होने वाले नुकसान को कम करना है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे बुक कराकर ही साथ ले जाएं। इसके अलावा रेल परिसर में गंदगी न फैलाने और धूम्रपान से परहेज करने की भी अपील की गई है।





