आगरा पहुंचे प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश प्रदेश सरकार बीजेपी भाजपा भारतीय जनता पार्टी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना 

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आगरा मंडल के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी गुरुवार को आगरा पहुंचे। ताजनगरी का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद उनका यह पहला आगरा दौरा रहा। आगमन पर उन्होंने सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और विभिन्न विकास योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यों पर विशेष जोर दिया। प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में 5 जून से 21 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और योजनाओं से जनता को सीधे जोड़ना है, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को मिलकर कार्य करना होगा।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

बैठक के दौरान विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और शासन की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *