रोज़ाना 14 ट्रेनों में आरपीएफ की एस्कॉर्ट ड्यूटी, ‘मेरी सहेली’ योजना से महिला यात्रियों को विशेष सुरक्षा

City/ STATE'S आगरा आरपीएफ उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा प्रतिदिन लगभग 14 प्रमुख ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी के माध्यम से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में करीब 38 प्रशिक्षित एवं समर्पित आरपीएफ जवान विभिन्न ट्रेनों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।आरपीएफ की सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, अगस्त क्रांति राजधानी, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में सुरक्षा कर्मी पूरे सफर के दौरान लगातार गश्त कर यात्रियों की सुरक्षा पर नजर बनाए रखते हैं। एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान आरपीएफ टीम संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ-साथ लावारिस सामान की जांच, महिला यात्रियों की सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता, भीड़ प्रबंधन और प्लेटफॉर्म से कोच तक सुरक्षा समन्वय जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी कर रही है। आरपीएफ यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, गुम सामान या आपात स्थिति में तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना देने की अपील की जा रही है। कई मामलों में यात्रियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर उन्हें सुरक्षित और तनावमुक्त यात्रा का अनुभव कराया गया। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे की ‘मेरी सहेली’ योजना भी प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है। महिला आरपीएफ कर्मी अकेले सफर कर रही महिलाओं से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनती हैं और यात्रा के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराती हैं, जिससे महिला यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।रेलवे प्रशासन ने आगरा मंडल के आरपीएफ जवानों की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इसी तरह मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *