वृंदावन में बनेगा रोपवे मथुरा-वृंदावन होंगे प्लास्टिक मुक्त

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश मथुरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा/मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए मथुरा-वृंदावन के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में वृंदावन में रोपवे परियोजना, मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर सड़क-रेल संयुक्त परियोजना, पार्किंग सुविधाओं के विस्तार तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृंदावन रोपवे परियोजना का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए। साथ ही मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग पर सड़क-रेल संयुक्त परियोजना को आगे बढ़ाने तथा पीपीपी मॉडल पर आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित करने के लिए भूमि पूलिंग योजना तैयार कर शासन को भेजी जाए।

बैठक में मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए 4,500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती, नया वृंदावन पुलिस सर्किल, एएसपी ट्रैफिक और एएसपी प्रोटोकॉल के नए पद सृजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। मुख्यमंत्री ने इसे शासन को तत्काल भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मथुरा और वृंदावन में चल रहे स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए दोनों नगरों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन अभियान भी चलाया जाए। बैठक में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग ₹700 करोड़ की लागत से प्रमुख चौराहों के सुधार, फ्लाईओवर निर्माण और सड़क सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। इसके अलावा 50 छोटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, तीर्थ-मित्र नीति लागू करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने यमुना नदी के पार प्रस्तावित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही ब्रज तीर्थ विकास परिषद की वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, सांसद तेजवीर सिंह, विनोद अग्रवाल, मथुरा-वृंदावन की महापौर, विधायकगण, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, एडीजी एस.के. भगत, जिलाधिकारी सी.पी. सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *