तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आगरा मंडल ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 24 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं लागू रहेंगी। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। रेलवे प्रशासन ने मथुरा जंक्शन के द्वितीय (मालगोदाम) और तृतीय (धौली प्याऊ) प्रवेश द्वारों पर यात्री शेड, अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर तथा पूछताछ केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालुओं को टिकट और जानकारी आसानी से मिल सके तथा भीड़ का दबाव कम रहे। मेले के दौरान मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर और गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF), टिकट चेकिंग स्टाफ, स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की विशेष तैनाती रहेगी। सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां यात्रियों को मार्गदर्शन, टिकट संबंधी सहायता, गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी तथा अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए मथुरा जंक्शन पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और 24×7 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही एक समर्पित खोया-पाया केंद्र भी संचालित किया जाएगा। रेलवे ने स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता देते हुए मथुरा, भूतेश्वर और गोवर्धन स्टेशनों पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती, पर्याप्त डस्टबिन और नियमित कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे कुछ ट्रेनों का विस्तार, विशेष ट्रेनों का संचालन, चयनित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्पेयर रेक उपलब्ध कराने की तैयारी भी कर रहा है। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी सहायता के लिए स्टेशन पर स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क करें। रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जाएगी।





