तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – अजेंद्र चौहान
आगरा। बटेश्वर के लिए रेलवे की ओर से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आगरा मंडल के भांडई–उदीमोड़ रेलखंड पर स्थित बटेश्वर हॉल्ट स्टेशन अब डी श्रेणी से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब ₹33.45 करोड़ की लागत से होने वाले इस बड़े विकास कार्य को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्टेशन के अपग्रेड होने के बाद यहां ट्रेनों की क्रॉसिंग और ओवरटेकिंग की सुविधा शुरू होगी, जिससे पूरे रेलखंड में ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी

परियोजना के तहत स्टेशन पर 750-750 मीटर लंबी दो लूप लाइनें, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, नया स्टेशन भवन और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवन बनाया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था, ओएचई में जरूरी बदलाव और अन्य इलेक्ट्रिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

यात्रियों के लिए भी स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदलने की तैयारी है। सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस और दिव्यांगजन के लिए जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यानी बटेश्वर आने-जाने वाले यात्रियों को अब बेहतर और आधुनिक रेलवे सुविधाएं मिलेंगी।सबसे खास बात यह है कि बटेश्वर सिर्फ रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि धर्म, इतिहास और पर्यटन का बड़ा केंद्र है। यमुना किनारे बसे बटेश्वर में भगवान शिव के प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली से जुड़ा होने के कारण भी बटेश्वर का विशेष महत्व है। प्रसिद्ध बटेश्वर पशु मेला भी देशभर से लोगों को यहां खींचता है।ऐसे में रेलवे स्टेशन के इस बड़े कायाकल्प से बटेश्वर की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। रेलवे का यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में बटेश्वर की तस्वीर और तकदीर—दोनों बदलने वाला साबित हो सकता है।





