हर पेड़ पर लगेगा QR कोड, ‘नेचर वॉक’ और ‘नेचर गाइड’ से बढ़ेगी पर्यावरण जागरूकता

City/ STATE'S अभियान आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को पालीवाल पार्क में आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मौजूदगी में हरित विकास, वृक्षारोपण और जैव विविधता संरक्षण पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण भी किया। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण सुझाव यह रहा कि पालीवाल पार्क सहित शहर के सभी प्रमुख पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रत्येक वृक्ष के सामने QR कोड युक्त नाम पट्टिका लगाई जाए। QR कोड स्कैन करते ही मोबाइल पर संबंधित वृक्ष का नाम, वैज्ञानिक नाम, औषधीय गुण, पर्यावरणीय महत्व, फूल आने का समय और अन्य उपयोगी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस व्यवस्था की शुरुआत पालीवाल पार्क से कर पूरे शहर और एएसआई संरक्षित स्मारकों तक विस्तार करने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा युवाओं को प्रकृति और जैव विविधता से जोड़ने के लिए ‘नेचर गाइड’ प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। प्रशिक्षित नेचर गाइड लोगों को वृक्षों, पक्षियों, तितलियों और स्थानीय जैव विविधता की जानकारी देंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में पालीवाल पार्क सहित अन्य पार्कों में नियमित ‘नेचर वॉक’ आयोजित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थी, परिवार और आमजन विभिन्न वृक्षों, उनके औषधीय गुणों और पर्यावरणीय महत्व को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। पर्यावरण विशेषज्ञों ने विलायती बबूल (Prosopis juliflora) जैसी आक्रामक विदेशी प्रजातियों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उनकी जगह देशज वृक्षों और झाड़ियों का रोपण करने की आवश्यकता भी बताई। उनका कहना था कि इससे जैव विविधता का संरक्षण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आगामी नेचर वॉक में स्वयं शामिल होने की सहमति जताई और ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और जनभागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ आगरा का सपना साकार होगा। कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक रजनीश पांडेय, अधिवक्ता के.सी. जैन, जिला उद्यान अधिकारी सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आगरा को हरित, जैव विविधता से समृद्ध और पर्यावरण के प्रति जागरूक शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *