उत्तर मध्य रेलवे को मिले नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी: डॉ. शिवम शर्मा ने संभाला CPRO का कार्यभार

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना 

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तहत भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) 2011 बैच के अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक पद पर पदोन्नत होने के बाद ग्रहण की है। डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनकी दूसरी पारी है। इससे पूर्व वर्ष 2021-22 में भी उन्होंने इसी पद पर रहते हुए रेलवे की जनसंपर्क व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रेलवे प्रशासन में डॉ. शर्मा का अनुभव बेहद व्यापक रहा है। उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी और मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में उन्होंने प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में अहम योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया गया।रेलवे के अलावा उन्होंने प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं। राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला के निदेशक तथा सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में उन्होंने खेलों के विकास से जुड़ी कई योजनाओं का सफल संचालन किया। पेरिस ओलंपिक-2024 में भी वे भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक डॉ. शिवम शर्मा को प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और बहुआयामी अनुभव के लिए जाना जाता है। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में उत्तर मध्य रेलवे की जनसंपर्क व्यवस्था और अधिक प्रभावी, आधुनिक तथा जनोन्मुखी बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *