तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में 14 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से राजकीय आईटीआई परिसर, फतेहाबाद रोड, सिकंदरा में एक दिवसीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 1500 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। सहायक निदेशक (सेवायोजन) चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि रोजगार मेले में एलएंडटी, एलआईसी, रिलायंस, हिताची, टाटा, हीरो, पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस, होंडा, ईकार्ट, होली हर्ब्स, इंफो एज, रिलैक्सो फुटवियर, वरुण बेवरेजेज, संकल्प माइक्रोफाइनेंस, डिक्सन और स्टर्लिंग टेक्नोलॉजी सहित कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक और बीटेक जैसी विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर मेले में भाग ले सकते हैं। सहायक निदेशक ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से रोजगार मेले में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।





