खेरागढ़ में देर रात बड़ा हादसा टला: ओवरलोड डंपर दो मंजिला मकान में घुसा

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश हादसा

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना 

आगरा। खेरागढ़ कस्बे के कागारोल रोड पर देर रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गिट्टी-डस्ट से भरा एक तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर अनियंत्रित होकर सीधे एक दो मंजिला मकान में घुस गया। हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि घर के अंदर सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर ने पहले मकान का मुख्य गेट तोड़ा और फिर दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय मकान मालिक एडवोकेट अजब सिंह का परिवार घर के अंदर सो रहा था। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद मकान मालिक ने क्षेत्र में धड़ल्ले से दौड़ रहे ओवरलोड डंपरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण लोगों की जान-माल लगातार खतरे में बनी हुई है।

सूचना मिलते ही खेरागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *