तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जयपुर हाउस स्थित आलोक नगर में प्रस्तावित शराब ठेके के विरोध में धरने पर बैठीं महिलाओं के समर्थन में सोमवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं विधायक योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनकर भरोसा दिलाया कि रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने जिला आबकारी अधिकारी से फोन पर वार्ता करते हुए कहा कि प्रस्तावित ठेके के 500 मीटर के दायरे में पांच मंदिर और कई पार्क स्थित हैं, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे आते-जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आवासीय क्षेत्र में शराब का ठेका खोलना जनहित के विपरीत है और इससे सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा।

योगेंद्र उपाध्याय ने धरनारत महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “योगी सरकार में किसी भी प्रकार का अनैतिक, गैर-कानूनी या समाज विरोधी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में कानून का राज है और कानून पूरी सख्ती से अपना काम करेगा।”

मंत्री ने मौके से ही जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जनभावनाओं, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब ठेके को किसी भी सूरत में संचालित न होने दिया जाए तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रीय महिलाओं ने राहत जताते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका खुलने से महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं थीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनने और त्वरित कार्रवाई का भरोसा देने पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।





