महोबा की दलित छात्रा से हुई अमानवीय घटना पर कांग्रेस में उबाल
तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। महोबा जनपद की एक दलित छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय घटना को लेकर आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और महामहिम राज्यपाल महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि महोबा की रहने वाली एक दलित छात्रा, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी, को कोचिंग से लौटते समय कथित रूप से अगवा कर लिया गया। आरोप है कि छात्रा को 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता को अमानवीय यातनाएं दी गईं और जबरन विवाह का दबाव भी बनाया गया। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और दलित समाज की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकार की विफल कानून-व्यवस्था को उजागर करती हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर आरोपियों को कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान रामनाथ सिकरवार, अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, अदनान कुरैशी, हेमंत चाहर, दीपक शर्मा, ताहिर हुसैन, दिलीप वर्मा, मुकेश शर्मा, विवेक सिंह, सोनू कनौजिया, अमीन चंद जाटव, मुन्ना सर, मुस्ताक अली, सत्येंद्र कैंन, सलमान कुरेशी, विष्णु शर्मा, मोहम्मद सेफ एवं बिल्लू चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





