19 मई को आगरा में लगेगा निःशुल्क दिव्यांग रोजगार मेला, विभिन्न कंपनियों में मिलेगी नौकरी का अवसर

Business City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / मोनिस उद्दीन 

आगरा । दिव्यांग युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगरा में 19 मई को एक विशेष निःशुल्क दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। रोजगार मेले का आयोजन 19 मई 2026 को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, साईं का तकिया चौराहा, एमजी रोड, आगरा परिसर में किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे दिव्यांग अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे, जिन्होंने कम से कम हाईस्कूल उत्तीर्ण किया हो। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कई पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें टेलीकलेक्शन एग्जीक्यूटिव, टेली कॉलर, ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव, रिन्यूअल एडवाइजर, सपोर्ट एग्जीक्यूटिव, पिकर-पैकर, अकाउंट पेबल, बैकएंड एग्जीक्यूटिव एवं टीम मेम्बर जैसे पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों को मेले में प्रतिभाग करने के लिए अपने साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति लानी अनिवार्य होगी। आयोजकों के अनुसार, मेले में शामिल होने वाले नियोजकों और कंपनियों का विवरण आयोजन तिथि पर मेला स्थल पर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या मार्ग व्यय देय नहीं होगा। दिव्यांग युवाओं के लिए यह रोजगार मेला बेहतर अवसर साबित हो सकता है, जहां उन्हें निजी क्षेत्र की कंपनियों में सीधे रोजगार पाने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *