तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / मोनिस उद्दीन
09 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आमजन से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
आगरा । आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, लाभ और इसमें निस्तारित किए जाने वाले मामलों की जानकारी देगा। प्रचार वाहन के माध्यम से ध्वनि प्रसारण, बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर करा सकें। अभियान का उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि राष्ट्रीय लोक अदालत त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। इस दौरान बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक वसूली, विद्युत एवं पानी के बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, राजस्व संबंधी मामले सहित विभिन्न सुलह योग्य वादों का निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का समाधान कम समय में और बिना किसी अतिरिक्त न्यायालय शुल्क के किया जाता है। यहां लिए गए निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होते हैं, जिससे पक्षकारों को लंबे समय तक न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालतें न केवल न्याय दिलाने का सरल माध्यम हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा देती हैं। आपसी समझौते से विवादों का समाधान होने पर रिश्तों में कटुता कम होती है और समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। जनपदवासियों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर कराकर समय, धन और ऊर्जा की बचत करें। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





