ट्रांस यमुना में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश नगर निगम यातायात स्थानीय समाचार

50 मीटर तक नो-एन्क्रोचमेंट जोन घोषित

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना 

आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के आकस्मिक निरीक्षण के बाद ट्रांस यमुना क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मंगलवार को टेढ़ी बगिया बाजार चौराहे से सौ फुटा रोड तक ताबड़तोड़ अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े ठेले, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को हटवाया। पुलिस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने सभी प्रमुख चौराहों के 50 मीटर दायरे को “नो-एन्क्रोचमेंट जोन” घोषित कर दिया। अब इन क्षेत्रों में ठेल-ढकेल, फुटपाथ पर दुकान लगाने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने मौके पर सफेद चूने से सीमा रेखा भी खींच दी, ताकि दुकानदार और वाहन चालक निर्धारित दायरे का पालन कर सकें।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक टेढ़ी बगिया चौराहे और आसपास के इलाकों में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। दुकानों के बाहर तक सामान रखने, सड़क किनारे ठेले लगाने और अवैध पार्किंग के कारण लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता था। इसी को देखते हुए चौराहों को जाम मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है।

टेढ़ी बगिया चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चूने से तय सीमा के बाहर यदि किसी का सामान, वाहन या ठेला मिला तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार अपना सामान दुकान के अंदर ही रखें और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण और जाम की गंभीर समस्या सामने आने पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उसी के बाद ट्रांस यमुना पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर के अन्य चौराहों एवं बाजारों को भी अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि आम लोगों को जाम से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *