तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की दक्षिण विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन की मजबूती और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद किया गया। जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा ब्रज क्षेत्र के पूर्व महामंत्री एवं मुख्य अतिथि देवेंद्र शर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा एवं कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भारत माता के महान सपूतों के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ किया। मुख्य अतिथि देवेंद्र शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित संगठन है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को पार्टी का असली “सेनापति” बताते हुए कहा कि वे पूरे वर्ष सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहते हैं तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका होगी।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “बूथ जीता, तो चुनाव जीता” है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर होती है और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर वर्ष 2027 में पार्टी “विराट विजय” हासिल करेगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि आगरा हमेशा से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में कार्यक्रम संयोजक धीरज जैन, राजू कुशवाहा, आदेश सिंघल, देवेश पचौरी, धीरज कोहली, राजेश प्रजापति, भाजपा महानगर महामंत्री हेमंत भोजवानी, महानगर उपाध्यक्ष अनीता खरे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक खरे ने किया।





