तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। ताजमहल घूमने आई बिहार के सिवान निवासी एक महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने पर ताज सुरक्षा पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।जानकारी के अनुसार, बिहार के सिवान से आए पर्यटक परिवार की 20 वर्षीय सबीना ताजमहल देखने से पहले पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास स्थित ताज रेस्टोरेंट के वॉशरूम में अचानक बेहोश हो गई। इसकी सूचना परिजनों ने तत्काल थाना ताज सुरक्षा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक शिवराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला आरक्षी गुड्डी देवी और सुनीता देवी ने बेहोश युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र से एंबुलेंस चालक भूरे सिंह और नर्सिंग ऑफिसर प्रेम सिंह को सूचना देकर एंबुलेंस बुलवाई गई।
ताज सुरक्षा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महिला पर्यटक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया। युवती के साथ उसकी मां सकीना और अन्य परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे।कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक ब्रह्म सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार, महिला आरक्षी गुड्डी देवी एवं महिला आरक्षी सुनीता देवी शामिल रहीं। ताज सुरक्षा पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की पर्यटकों एवं उनके परिजनों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।





