तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (RPF) कर्मी और डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डिप्टी एसएस) के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गोवर्धन स्टेडियम में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर भी आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने लंबित मांगों को भी उठाया और पूरे मामले में पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।

मामले की सूचना मिलते ही सांसद राजकुमार चाहर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सांसद ने कहा कि किसी भी विवाद में निष्पक्ष जांच सर्वोपरि है और जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। राजकुमार चाहर ने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ रेलवे नियमों और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उधर रेलवे प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विभागीय और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर रेलवे कर्मचारियों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि विवाद के लिए जिम्मेदार कौन है और आगे किसके खिलाफ कार्रवाई होगी।





