तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे पावन श्रावण मास को देखते हुए समाजसेवी एवं वार्ड-91 (बल्केश्वर) के पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेंट वाले’ ने नगर निगम प्रशासन से शहर के प्रमुख शिवालयों के परिक्रमा मार्गों को गड्ढा मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को एक प्रार्थना-पत्र सौंपा।

पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि श्रावण मास के दौरान श्री बल्केश्वर महादेव मंदिर, श्री मनकामेश्वर मंदिर, श्री राजेश्वर मंदिर, श्री पृथ्वीनाथ मंदिर और श्री रावली मंदिर में लाखों शिवभक्त जलाभिषेक और परिक्रमा के लिए आते हैं। हजारों कांवड़ यात्री दिन-रात पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में यदि मार्ग सुरक्षित और व्यवस्थित होंगे तो श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने नगर आयुक्त से अनुरोध किया कि श्रावण मास शुरू होने से पहले युद्ध स्तर पर आवश्यक कार्य कराए जाएं, ताकि आस्था की यात्रा सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके। इस पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों के साथ शिवालयों एवं परिक्रमा मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी। प्रार्थना-पत्र में प्रमुख मांगें

शिवालयों को जोड़ने वाले मार्गों एवं मंदिरों तक जाने वाली सड़कों को तत्काल गड्ढा मुक्त किया जाए।
परिक्रमा मार्गों पर नियमित सफाई और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो।
मार्ग में पड़े मलबे, निर्माण सामग्री और अन्य अवरोध हटाए जाएं।
क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराया जाए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं होमगार्ड की तैनाती तथा जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की जाए।
परिक्रमा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बायो टॉयलेट स्थापित किए जाएं।
पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि यह मांग जनभावनाओं से जुड़ी हुई है और इसका उद्देश्य केवल इतना है कि “श्रावण मास में कोई शिव भक्त चोटिल न हो और आस्था की यात्रा किसी के लिए बोझिल न बने।”





