तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने बसों के ठहराव को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी है। अब नो पार्किंग जोन में बस रोकने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जारी निर्देशों के अनुसार भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स, रामबाग और यमुना किनारे जैसे प्रमुख स्थानों पर रोडवेज बसों का ठहराव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन स्थानों पर बस रोककर सवारी चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी। रोडवेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब बस चालकों की मनमानी नहीं चलेगी। सभी बसों को यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए अनिवार्य रूप से अधिकृत बस स्टैंड पर ही रुकना होगा। प्रशासन का कहना है कि बीच रास्ते बस रोककर यातायात बाधित करने वाले चालकों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला शहर में जाम की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।





