तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास
आगरा। गोकुलपुरा क्षेत्र की प्राचीन धरोहर, गौरवशाली परंपरा और क्षेत्रीय पहचान के प्रतीक श्री गणगौर दरवाजे के निर्माण का ऐतिहासिक कार्य शुक्रवार को शुरू हो गया। डॉ. अभय यादव क्लिनिक के सामने स्थित ऐतिहासिक स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

आगरा विकास प्राधिकरण की पथकर निधि से 22.29 लाख रुपये की लागत से श्री गणगौर द्वार को आकर्षक और दिव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। भूमि पूजन के दौरान गोकुलपुरा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। क्षेत्रीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।

भूमि पूजन के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि गणगौर दरवाजा महज एक ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राचीन धरोहर, आस्था और गौरवशाली परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि द्वार के भव्य निर्माण से आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहेंगी। 22.29 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया स्वरूप गोकुलपुरा की शान में चार चांद लगाएगा। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मुख्य अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधिकारिक शुरुआत की। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच क्षेत्रीय लोगों ने मंत्री का स्वागत किया। स्थानीय निवासियों और गणमान्य नागरिकों ने गणगौर द्वार के निर्माण को क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देने वाला कदम बताते हुए मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और उत्तर प्रदेश सरकार का आभार जताया।कार्यक्रम में डॉ. आलोकिक उपाध्याय, संरक्षक दिनेश पंडित, दाऊ दयाल पंडित, महेश चंद, रमेश चंद्र, ललित शर्मा (उपाध्यक्ष युवा मोर्चा), मनीष वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति, पार्षद बद्री प्रसाद माहौर, राजीव वर्मा, नरेश वर्मा, रिंकू वर्मा, गोविन्द वर्मा, चिंकी नरवार, कालू यादव, अंकुर ठाकुर, रवि वर्मा, आजाद फकीरा, संजय लहरी और गौरव वर्मा सहित आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।





