तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन
आगरा। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को बिजलीघर चौराहे पर पुलिस प्रशासन ने बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाते हुए चौराहे के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह “नो वेंडिंग ज़ोन” घोषित कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे और अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया। कई स्थानों पर फुटपाथों पर कब्जा कर व्यवसाय चला रहे लोगों को सख्त चेतावनी भी दी गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर 07 वाहनों को सीज किया, जबकि 80 वाहन चालकों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने बिजलीघर चौराहे के चारों ओर 50 मीटर के दायरे को “नो वेंडिंग ज़ोन” घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र में अब किसी भी प्रकार की रेहड़ी, पटरी, ठेला अथवा व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से चौराहे पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हो सकेगी।

अभियान के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





