तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस लाइन्स स्थित शहीद प्रशांत मेमोरियल सभागार में सेवानिवृत्त पुलिस पेंशनर्स के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल एवं सहायक पुलिस आयुक्त सदर/लाइन्स रामप्रवेश गुप्ता ने पेंशनर्स से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गोष्ठी में पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों सहित 150 से अधिक सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनर्स ने अपने अनुभव, सुझाव और विभागीय समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का भरोसा दिया गया।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि कमिश्नरेट आगरा के प्रत्येक थाने में अब हर माह पुलिस पेंशनर्स की नियमित गोष्ठी आयोजित की जाएगी, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल से विभाग और सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय भी स्थापित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पेंशनर्स को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का अनुभव विभाग की अमूल्य धरोहर है। उनके सुझाव पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी पेंशनर्स का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उनके सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।





