तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन
आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी आगरा कैंट टीम ने 27 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उड़ीसा के रहने वाले हैं और रेल मार्ग के जरिए गांजा तस्करी की तैयारी में थे। जीआरपी टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान चारों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रेन के माध्यम से गांजे की खेप को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।जीआरपी आगरा कैंट पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेल मार्ग से होने वाली अवैध तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।





