तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – राजकुमार मीना
आगरा। सैंया थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर (ताज सुरक्षा) के नेतृत्व में रविवार सुबह करीब 5 बजे हाई लॉस फीडरों और हाई लॉस गांवों में मॉर्निंग रेड की गई। स्थानीय पुलिस बल की मदद से सैंया क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। जांच के दौरान बिजली चोरी के मामले सामने आने पर 42 लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर, आगरा में FIR दर्ज कराई गई। आरोपितों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है। चेकिंग अभियान में एसडीओ अरविंद कुमार, एसडीओ हिमांशु गुप्ता, जेई विजय कुमार, जेई विकास विश्वकर्मा, जेई संगम चौरसिया समेत विद्युत विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से हाई लॉस फीडरों और हाई लॉस गांवों में बिजली चोरी की नियमित चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के मुताबिक सुबह और शाम प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से बचने की अपील की है।





