तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से थाना बरहन की मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मिशन शक्ति-5.0 के तहत पुलिस टीम ने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया और उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को 1090, 181 और बालिकाओं के लिए 1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और महिला अपराधों से संबंधित मामलों में बिना किसी डर के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके, उनके कानूनी अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं को किसी भी तरह की समस्या होने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लेनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति-5.0 के तहत चलाए जा रहे इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है। बरहन पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। आगरा पुलिस ने महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।





