तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोहम्मद सुमेर
आगरा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित कार्यों में टेंडर प्रक्रिया, भर्ती और वेतन भुगतान को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि मिशन से जुड़ी म्यूज कंपनी द्वारा कर्मचारियों की भर्ती और वेतन भुगतान में फर्जीवाड़ा किया गया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। बताया जा रहा है कि कंपनी के खिलाफ शिकायत करने वाले करीब 12 कर्मचारियों को नौकरी से हटाने का आरोप भी लगाया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और उन्हें धमकी भरे नोटिस भी भेजे गए।

इससे कर्मचारियों में नाराजगी और भय का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी लेबर कमिश्नर ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है ताकि आरोपों की सत्यता सामने आ सके। उधर नगर आयुक्त संतोष वैश्य ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या फर्जीवाड़ा साबित होता है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। इस मामले में सपना टेगोर (टीम इंचार्ज), मुकीम (कर्मचारी) और नगर आयुक्त संतोष वैश्य की बाइट भी सामने आई है, जिनमें सभी पक्षों ने अपने-अपने दावे और पक्ष रखे हैं। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





