उप महाप्रबंधक ने किया आगरा रेलवे अस्पताल और फोर्ट स्टेशन का निरीक्षण

City/ STATE'S Cover Story Exclusive आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / मुकेश निषाद 

आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य) अतुल कुमार मिश्रा ने शनिवार को आगरा मंडल रेलवे अस्पताल और आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और यात्रियों व मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए आगरा मंडल रेलवे अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उप महाप्रबंधक ने सिक-फिट रूम, रिकॉर्ड रूम, चिकित्सकों के कक्ष, फिजियोथेरेपी यूनिट, मेडिकल स्टोर, एफएसओ कार्यालय, लैब एवं टेस्टिंग सुविधा, आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा और नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ऑपरेशन थिएटर, मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था और स्वल्पाहार गृह सहित अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी देखा।

उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं, ताकि मरीजों और रेल कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इसके बाद उप महाप्रबंधक ने आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन परिसर में चल रहे वॉल पेंटिंग के कार्य को और बेहतर एवं आकर्षक बनाने पर जोर दिया गया, जिससे स्टेशन का स्वरूप यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान रूफ-टॉप शॉप्स की व्यवस्थाओं को भी देखा गया। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अच्छे ब्रांड्स के आउटलेट और ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ यानी OSOP जैसे स्टॉल एवं दुकानों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही स्टेशन के वॉशरूम का निरीक्षण कर साफ-सफाई और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।

आगरा फोर्ट स्टेशन के फर्स्ट एंट्री एरिया का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टेशन के प्रवेश क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बेहतर वातावरण और सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आर.के. बघेला, मंडल इंजीनियर तृतीय अनादि मित्तल, मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर शुभम अग्रहरि, स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार गौतम, सहायक मंडल इंजीनियर बी.एल. मीना सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *