तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय आगरा दौरे के दौरान शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में ₹342.36 करोड़ की लागत वाली 53 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने आगरा को तेजी से विकसित हो रही स्मार्ट सिटी और सेफ सिटी बताते हुए कई नई विकास योजनाओं की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें सुपोषण पोटली भेंट की। उन्होंने माताओं से बच्चों के बेहतर पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने मंच से ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूलकिट, टैबलेट, आवास की चाबियां और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सतत प्रयासों से आगरा आधारभूत संरचना, पर्यटन, उद्योग और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले ही हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई थी और अब फिर करोड़ों रुपये की नई विकास योजनाएं जनता को समर्पित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में आगरा में 500 महिलाओं के लिए श्रमजीवी छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा, जिसे केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, सींगना में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र, छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय तथा बटेश्वर धाम, कैलाश मंदिर, गुरु का ताल, फतेहपुर सीकरी और अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) और ओडीओसी (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट) जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है तथा आगरा के प्रसिद्ध पेठा उद्योग को भी नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति प्रभावी ढंग से लागू है। साथ ही पिछले नौ वर्षों में लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए सकारात्मक सोच, सुशासन और जनप्रतिनिधियों का जनता से निरंतर संवाद आवश्यक है तथा उत्तर प्रदेश सरकार इन्हीं मूल्यों के आधार पर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





