तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा की तत्परता और संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सिकंदरा तिराहे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की जान बचाने के लिए पुलिस ने न केवल ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महज 15 मिनट में अस्पताल पहुंचाया, बल्कि इलाज के दौरान तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ने पर उपनिरीक्षक कपिल कुमार ने स्वयं रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात सिकंदरा तिराहे पर एक बाइक सवार व्यक्ति टैंकर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही Zero Fatality District (ZFD) अभियान के अंतर्गत गठित थाना सिकंदरा की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (CC Team) मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिकता देते हुए ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से केवल 15 मिनट में अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। इसी दौरान घायल के लिए तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीसी टीम में तैनात उपनिरीक्षक कपिल कुमार ने बिना देर किए स्वयं रक्तदान किया, जिससे उपचार में कोई विलंब नहीं हुआ। चिकित्सकों के अनुसार, गोल्डन ऑवर के भीतर घायल को अस्पताल पहुंचाने, समय पर इलाज शुरू होने और तत्काल रक्त उपलब्ध होने के कारण उसकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल घायल की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह खतरे से बाहर है। घटना की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आगरा पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ मानव सेवा के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।





