तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। आम आदमी पार्टी महानगर आगरा ने शनिवार को सेंट जॉन्स स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा का पाठ कर अयोध्या के राम मंदिर निर्माण एवं चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष दिलीप बंसल ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी और अनियमितताओं के मामले हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने राम मंदिर के नाम पर भ्रष्टाचार किया है तो उसके साथ-साथ ऐसे लोगों को बचाने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

कपिल बाजपेई ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे से जुड़े सभी आरोपों की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। वहीं गोपाल शर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हुए धार्मिक भावनाओं के सम्मान की बात कही। कार्यक्रम में रामसेवक और तरुण भार्गव ने घोषणा की कि हनुमान चालीसा पाठ का अभियान शहर के विभिन्न मंदिरों और मोहल्लों में चलाया जाएगा तथा लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर दिलीप बंसल, कपिल बाजपेई, गोपाल शर्मा, तरुण भार्गव, मुरली बाबा, रामसेवक ढाकरे, बिट्टू पंडित, प्रिंस शर्मा, रितेश, दिनेश, ओम प्रकाश, अभय गुप्ता, आवेश बघेल, सोनू सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित भ्रष्टाचार के विरोध में नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।





