तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा। शुक्रवार को एक होटल के किचन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना के समय होटल में पार्टी चल रही थी। किचन से धुआं और आग की लपटें उठती देख होटल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से तत्काल होटल को खाली कराया गया।

बताया गया है कि आग होटल की पहली मंजिल पर बने किचन में लगी थी। आग की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। होटल में पार्टी के दौरान आग लगने से मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर होटल में मौजूद लोगों को बाहर निकलवाया, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम घटना की जानकारी जुटा रही है। आग से कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन भी किया जा रहा है। मामला थाना एकता क्षेत्र स्थित होटल हेवन एंड नाइट क्लब का बताया जा रहा है।





