तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। ताजमहल देखने आगरा आए मध्य प्रदेश के हरदा निवासी एक परिवार के लिए शनिवार को उस समय चिंता की स्थिति पैदा हो गई, जब ताजमहल से बाहर निकलते समय परिवार के 70 वर्षीय बुजुर्ग नौशाद और दो वर्षीय मासूम रिहान उनसे बिछड़ गए। ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल खोजकर परिजनों से मिला दिया गया। जानकारी के अनुसार पर्यटक शाहिद अपने परिवार के साथ सुबह करीब 10 बजे ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार से अंदर गए थे। ताजमहल का भ्रमण करने के बाद करीब 12 बजे परिवार बाहर निकलने लगा। इसी दौरान रास्ते में शाहिद के 70 वर्षीय पिता नौशाद अपने दो वर्षीय पोते रिहान के साथ परिवार से अलग हो गए। शाहिद और परिवार के अन्य सदस्य पश्चिमी गेट से बाहर निकल आए, जबकि नौशाद भूलवश मासूम रिहान को साथ लेकर पूर्वी गेट की ओर निकल गए। बाहर आने के बाद जब परिवार को बुजुर्ग और बच्चे के साथ नहीं होने का पता चला तो सभी ने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू कर दी।

काफी तलाश के बाद भी जब नौशाद और रिहान का पता नहीं चला तो करीब दो घंटे बाद शाहिद ने पश्चिमी गेट पर तैनात थाना ताज सुरक्षा के उप निरीक्षक शिवराज सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ सार्वजनिक अनाउंसमेंट और आरटी सेट के माध्यम से सूचना प्रसारित कराई।पुलिसकर्मियों ने ताजमहल के आसपास के विभिन्न स्थानों पर तलाश तेज कर दी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने बुजुर्ग नौशाद और मासूम रिहान को सकुशल खोज निकाला। दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बुजुर्ग पिता और मासूम बेटे के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता और मदद के लिए आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार के लिए ताजमहल की यात्रा एक बड़ी चिंता में बदलने से बच गई। तलाश अभियान में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक मेहरवान सिंह, मुख्य आरक्षी सचिन कुमार, आरक्षी नवीन कुमार, आरक्षी दुर्गेश कुमार, महिला आरक्षी गुड्डी देवी और महिला आरक्षी प्रियंका शामिल रहीं।





