तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मोहम्मद नूरुल्लाह को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी के निर्देश पर राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं प्रवक्ता डॉ. सैयद मुहिबुल हसन हीरा ने उनकी नियुक्ति का औपचारिक आदेश जारी किया। नियुक्ति पत्र में विश्वास जताया गया है कि अधिवक्ता मोहम्मद नूरुल्लाह अपनी कानूनी विशेषज्ञता, संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक अनुभव के माध्यम से दिल्ली में पार्टी संगठन को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही वे पार्टी के संगठनात्मक, जनहितकारी और रचनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान देते हुए अल्पसंख्यकों तथा वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। अधिवक्ता मोहम्मद नूरुल्लाह सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वे लंबे समय से कानूनी एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को दिल्ली में RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को मजबूत और संगठन का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मोहम्मद नूरुल्लाह ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, विशेष रूप से मोहम्मद अली अशरफ फातमी और डॉ. सैयद मुहिबुल हसन हीरा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा दिल्ली में संगठन को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर काम करेंगे। मोहम्मद नूरुल्लाह ने RJD के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय के प्रति लंबे संघर्ष और वंचित एवं कमजोर वर्गों के राजनीतिक सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव की राजनीति ने सामाजिक रूप से पिछड़े और वंचित समुदायों के सवालों को देश की राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने RJD नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की भी सराहना करते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की पार्टी की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व के सामने लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को मजबूत करने तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के हितों को राजनीतिक एजेंडे में प्रमुख स्थान दिलाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अधिवक्ता मोहम्मद नूरुल्लाह ने कहा कि वह दिल्ली में RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक न्याय, समानता, संवैधानिक मूल्यों और सांप्रदायिक सद्भाव के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उनकी नियुक्ति पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने बधाई दी। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि मोहम्मद नूरुल्लाह के नेतृत्व में RJD अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, दिल्ली और अधिक सक्रिय, संगठित एवं प्रभावी भूमिका निभाएगा।





