तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – मोनिश उद्दीन
आगरा। ताजमहल देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को परेशान करने वाले अवैध गाइड और लपकों के खिलाफ पर्यटन पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पर्यटन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लपकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों को परेशान करने और उन्हें अपने झांसे में लेने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पर्यटन पुलिस लगातार ताजमहल और उसके आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही है, ताकि देश-दुनिया से आगरा पहुंचने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग अवैध रूप से गाइड बनकर पर्यटकों को अपने साथ ले जाने और बाद में उन्हें दुकानों पर ले जाकर खरीदारी कराने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पर्यटन थाना पुलिस की टीम ने तीन लपकों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल 4789 अंकित, रिजर्व कांस्टेबल 4331 वात्सल्य, रिजर्व कांस्टेबल 4262 निष्कर्ष गौतम और रिजर्व कांस्टेबल 776 प्रिंस कुमार शामिल रहे। पर्यटन थाना प्रभारी अभिषेक गुप्ता ने कहा कि देशी या विदेशी पर्यटकों को यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है या इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों को किसी भी तरह से परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पर्यटन थाना प्रभारी ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई गाइड किसी भी मुसाफिर या पर्यटक को किसी दुकान पर ले जाता हुआ दिखाई देता है, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ऐसे लोगों पर लगातार नजर रख रही है। पर्यटन पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य ताजमहल आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस का कहना है कि ताजमहल की छवि और आगरा के पर्यटन को प्रभावित करने वाले अवैध गाइड और लपकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





