तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। ताजमहल घूमने आए आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी पर्यटक सत्यम का 8 वर्षीय पुत्र केतन रविवार को पश्चिमी प्रवेश द्वार पर भारी भीड़ के बीच अपने माता-पिता से बिछड़ गया। बच्चे को रोता हुआ देखकर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज 30 मिनट के भीतर उसे सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। रविवार होने के कारण ताजमहल पर पर्यटकों की भारी भीड़ थी। दोपहर करीब 11:30 बजे बच्चे के माता-पिता टिकट विंडो पर टिकट ले रहे थे, तभी भीड़ में केतन उनसे अलग हो गया। रोता हुआ बच्चा नीम तिराहा बैरियर की ओर जा रहा था, जहां तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के जवानों की उस पर नजर पड़ी। उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने बच्चे से बातचीत कर उसका नाम और परिजनों की जानकारी ली तथा तत्काल थाना ताज सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने पास रखकर उसे सांत्वना दी और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट संदेश के माध्यम से बच्चे के माता-पिता की खोजबीन कराई। पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 30 मिनट के भीतर बच्चे के परिजन मिल गए और केतन को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और त्वरित कार्रवाई के लिए आगरा पुलिस एवं ताज सुरक्षा पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम: उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरनपाल सिंह, महिला आरक्षी सुलेखा





